अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नाम को भी बदलने की कवायद शुरू हो गई है। बुधवार को नगर निगम कार्यकरणी की होने वाली बैठक में लखनऊ का नाम बदलकर लक्ष्मणपुरी करने का प्रस्ताव पास होने का दावा किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सदन उपाध्यक्ष गिरीश गुप्ता इस प्रस्ताव को पेश कर सकते हैं
यूपी की राजधानी लखनऊ का नाम लक्ष्मणपुरी करने का प्रस्ताव नगर निगम कार्यकारिणी में रखे जाने की चर्चा है। दावा किया जा रहा है कि कार्यकारिणी से मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम सदन में इसे रखा जाएगा। यहां से पास होने के बाद शासन को मंजूरी के लिए जाएगा।
इसके अलावा बैठक में स्वतंत्रता सेनानी श्याम लाल गुप्त ‘पार्षद’ की मूर्ति और गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने के भी प्रस्ताव आएंगे। नगर निगम कार्यकारिणी की मीटिंग चल रही है। आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। सदन की डेट अभी तय नहीं है।
एजेंडे में 16 प्रस्ताव हैं। इनमें से अधिकतर नामकरणों के प्रस्ताव रखे गए हैं। कुछ महापुरुषों की मूर्तियां लगाने का भी प्रस्ताव है। पद्मभूषण जार्ज फर्नांडिस पूर्व रक्षा मंत्री की मूर्ति विकास नगर, सेक्टर-6, बिजली घर में स्थापित होगी। हुसैनगंज चौराहे का नाम महाराणा प्रताप चौराहा करने का प्रस्ताव है। लाल कुआं से नाका चौराहा फ्लाईओवर गुरु गोविंद सिंह फ्लाईओवर के नाम से रखने का प्रस्ताव है। गोमतीनगर रेलवे स्टेशन को अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से करने का प्रस्ताव है। इनके अलावा संगम पार्क के निकट शहीद पथ फ्लाईओवर के नीचे हरित पट्टी का विकास और सुंदरीकरण किया जाने का प्रस्ताव है।
राजाजीपुरम चौराहे का नाम प्रज्ञान चंद्रयान-3 करने का कार्यकारिणी में प्रस्ताव रखा गया है। चंद्रयान-3 की वैज्ञानिक रितु करिधाल के भाई राजाजीपुरम में रहते हैं, इसीलिए उनके घर के पास के इस चौराहे का नाम प्रज्ञान चंद्रयान-3 करने का प्रस्ताव है। अलकापुरी अलीगंज में डीपी श्रीवास्तव के मकान से सुलभ कार्यालय तक के मार्ग का नाम डॉ. बिंदेश्वर पाठक, शिवानी विद्यालय ट्रांसपोर्ट नगर से गुड़ौरा गांव होते हुए नालायकपुरवा गांव जाने वाले मार्ग का नामकरण ‘सन्त रविदास मार्ग, मौलवीगंज अमीनाबाद इंटर कॉलेज के पास छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति, रिमकी लॉन्ड्री के पास अमर शहीद अहमद उल्लाह शाह द्वार का निर्माण, कश्मीरी मोहल्ला में स्वर्गीय मौलाना मोहम्मद अतहर द्वार का निर्माण का प्रस्ताव शामिल है।
(Courtesy by;Patrika)


+ There are no comments
Add yours