/लखनऊ:उत्तर प्रदेश में लड़कियां अब रात आठ बजे के बाद भी कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई कर सकेंगी. यही नहीं कोचिंग संस्थानों को लड़कियों और महिलाओं के लिए सभी इंतजाम भी अपने कोचिंग सेंटर में करने होंगे. आपको बता दें कि 30 अगस्त को उच्च शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी किया था. जिसमें कहा गया था कि लड़कियां प्रदेश में किसी भी कोचिंग सेंटर पर रात आठ बजे के बाद पढ़ाई नहीं करेंगी. जिसका विरोध न सिर्फ प्रदेश बल्कि देश भर में देखने के लिए मिला था. लड़कियों ने इस पर भेदभाव समेत सुरक्षा के मामले में प्रदेश को फिसड्डी तक करार दिया था लेकिन अब इस फैसले के बाद लड़कियों में खुशी है, क्योंकि अब रात आठ बजे के बाद भी कोचिंग सेंटरों में वे पढ़ाई करके अपने भविष्य को सुधार सकेंगी.
प्रदेश भर के कोचिंग सेंटरों को अब अपने यहां लड़कियों और महिलाओं के लिए अलग से शौचालय बनाने होंगे उनके बाहर निकलने का रास्ता अलग करना होगा. साथ में ही कोचिंग सेंटर के अंदर और बाहर दोनों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे. उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अखिलेश मिश्रा ने बताया कि कोचिंग सेंटरों को महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के तहत सभी महत्वपूर्ण इंतजाम अपने यहां करने होंगे. इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है, उन्होंने बताया कि महिलाएं और लड़कियां परेशान ना हों वे अब रात आठ बजे के बाद भी कोचिंग सेंटरों में रुक कर पढ़ाई कर सकेंगी. उन्होंने बताया कि यह फैसला सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत लिया गया है.
इसलिए लगी थी रोक
रात आठ बजे के बाद महिलाओं और लड़कियों को कोचिंग सेंटरों में नहीं पढ़ने पर रोक लगने का सबसे महत्वपूर्ण कारण यह था कि उनकी सुरक्षा के कोचिंग सेंटरों में कोई भी इंतजाम नहीं होते हैं, जिस वजह से यह पूरा फैसला लिया गया था, लेकिन अब सभी कोचिंग सेंटरों को सुरक्षा का इंतजाम करने होंगे.
(Courtesy by; News18)


+ There are no comments
Add yours