UP News: यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में आठवीं पास फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया है। आरोपी खुद को गायनेकोलॉजिस्ट बताकर लोगों को बेहतर इलाज का झांसा दे रहा था।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में आठवीं पास शख्स डॉक्टर बनकर राउंड करता पकड़ा गया है। आरोपी ने बाकायदा एप्रेन पहनकर गले में आला लटकाकर मरीजों को देख रहा था। उसकी गतिविधियों पर सुरक्षा कर्मियों को शक हुआ तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। सुरक्षा कर्मियों को आरोपी ने अपना नाम डॉ. राम प्रकाश गुप्ता बताया। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह यहां आए मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजकर कमीशन वसूलता था।
सुरक्षाकर्मियों की पूछताछ में आरोपी ने पहले बताया कि वह मातृ एवं शिशु अस्पताल का डॉक्टर है। उसके पास एक नेम प्लेट भी थी। उसपर स्त्री रोग एवं प्रसूति विशेषज्ञ लिखा था। साथ ही सर्जन कंसल्टेंट भी नेम प्लेट पर लिखा था। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों को उस पर शक हो गया। उन्होंने अधिकारियों को इस बारे में जानकारी दी। सुरक्षाकर्मियों की सूचना से अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों में सनसनी फैल गई। आनन फानन में पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने पकड़े गए युवक से पूछताछ शुरू की। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ कि युवक डॉक्टर नहीं कमीशनखोर है।
एडीसीपी ईस्ट जोन सैयद अली अब्बास ने कहा कि आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी युवक किस अस्पताल के संपर्क में था इसका पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने कितने मरीजों को शिफ्ट कराया है। वह इस नेक्सेस में कबसे जुड़ा है। पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी का असली नाम सूरज है। वह गोमतीनगर में किराए के कमरे में रहता है। आरोपी ने बताया कि दूसरों को अच्छे इलाज का झांसा देकर वह दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कराता था। इसपर उसे मोटा कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
(Courtesy by;Patrika)


+ There are no comments
Add yours